ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए राधानगर क्लब ने की सराहनीय पहल, ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने खुद किया रक्तदान
1 min read
आसनसोल :इन दिनों सरकारी ब्लड बैंकों में रक्त की भारी कमी चल रही है, जिसे देखते हुए आसनसोल के राधानगर क्लब ने आज एक सराहनीय पहल करते हुए एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी मौजूद रहे। क्लब के सभी सदस्यों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा रक्तदान करने के लिए पहुंचे।
इस दौरान विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि, “ब्लड बैंक में खून की बहुत कमी है। ऐसे समय में राधानगर क्लब जिस तरह का सामाजिक कार्य कर रहा है, वह बहुत ही सराहनीय है। एक यूनिट ब्लड किसी की जान बचा सकता है।उन्होंने अन्य क्लबों से भी अपील की और कहा, “मैं आसनसोल के सभी क्लबों और पूजा कमेटियों से अपील करूंगा कि आप लोग भी इसी तरह रक्तदान शिविर का आयोजन करें। त्योहारों के समय में एक्सीडेंट बढ़ जाते हैं और डिलीवरी के मामले भी हैं, तब ब्लड की सबसे ज्यादा जरूरत पड़ती है।
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि विधायक शकृष्णेंदु मुखर्जी ने सिर्फ भाषण ही नहीं दिया, बल्कि खुद रक्तदान भी किया। उनको रक्तदान करते हुए देखकर वहां मौजूद युवाओं में काफी उत्साह देखा गया और कई नए युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया।
क्लब के सचिव ने बताया कि आज के कैंप में 50 यूनिट से ज्यादा ब्लड कलेक्शन का लक्ष्य रखा गया है, जिसे आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में भेजा जाएगा।
स्थानीय लोगों ने क्लब और विधायक की इस पहल की जमकर सराहना की है।














