मंत्री अग्निमित्रा पाल के नेतृत्व में आसनसोल नगर निगम में हुई जरूरी समीक्षा बैठक कई विषयों पर हुई चर्चा
1 min read
आसनसोल :आसनसोल म्युनिसिपल कॉरपोरेशन में आज नियमित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में निगम के सभी महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पश्चिम बंगाल सरकार में अर्बन डेवलपमेंट एंड म्युनिसिपल अफेयर्स मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया, “लगभग साढ़े पांच-छह महीने हो गए थे इसलिए एक समीक्षा बैठक जरूरी थी। अभी तक क्या-क्या काम हुआ है और आगे मैं क्या-क्या काम चाहती हूं, कैसे सजाना चाहती हूं, क्या-क्या प्राथमिकताएं है, उसको लेकर आज बहुत अच्छी मीटिंग हुई है। सभी विभाग के अधिकारी यहां थे।
उन्होंने बताया कि बैठक में सभी अधिकारियों को साफ तौर पर निर्देश दिया गया है कि हर महीने का समीक्षा रिपोर्ट देना होगा और हर सोमवार को रिपोर्टिंग करनी होगी कि क्या-क्या काम हुआ है और आगे क्या-क्या काम होने वाला है, उसकी प्लानिंग क्या है।
नई योजनाओं के बारे में उन्होंने कहा, “मेरी प्लानिंग है कि रास्ते साफ सुथरे होंगे, कोई टूटी-फूटी सड़क नहीं रहेगी। किसी भी रास्ते के किनारे अंधेरा नहीं रहेगा, कोई पोल बिना लाइट के नहीं रहेगा या लाइट फ्यूज नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा, हर घर से कचरा उठाया जाएगा और लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी कि वे सड़क पर कचरा न फेंके। सभी नालियां साफ होंगी, झाड़ियां और जंगल साफ किए जाएंगे।
इसके अलावा उन्होंने होर्डिंग, रेवेन्यू, प्लान, टैक्सेशन से नियमित आय, विभाग के अधीन आने वाले हेल्थ सेंटर्स की स्थिति, कहां डॉक्टर है और कहां नहीं, इन सभी बिंदुओं पर चर्चा की।
उन्होंने कहा, “दो मैटरनिटी वार्ड पिछले कुछ सालों से बंद पड़े हैं, उन्हें तुरंत खोलने की कोशिश की जाएगी । सौंदर्यीकरण को लेकर उन्होंने कहा, “सुंदर फुटपाथ लोगों का अधिकार है, चलने का अधिकार। चलने देना यह एक लोकतांत्रिक अधिकार है। यह अधिकार लोगों से छीन लिया गया है। हम इसकी शुरुआत कालीपहाड़ी से मनोज टॉकीज होते हुए स्काब गेट तक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज की बैठक में कई विषयों पर चर्चा हुई है और धीरे-धीरे सभी पर काम किया जाएगा। “आम लोगों से बस इतना कहूंगी कि वे हम पर भरोसा रखें। आज की समीक्षा बैठक में मंत्री के अलावा आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा सहित निगम के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।














