*महासप्तमी पर आसनसोल उत्तर के विधायक का बड़ा बयान, पंडालों के पास अवैध पार्किंग वसूली पर जताई नाराजगी*
1 min read
आसनसोल :महासप्तमी के पावन अवसर पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने समस्त आसनसोल वासियों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने एक गंभीर मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
विधायक ने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके पास लगातार शिकायतें आ रही हैं कि आसनसोल के विस्तृत इलाके में आसनसोल बाजार, कल्याणपुर, हाउसिंग, मेन रोड जैसे कई जगहों पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली चल रही है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अनैतिक रूप से पैसे लिए जा रहे हैं।
उन्होंने इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने की बात कही। विधायक ने कहा कि इस तरह की अनैतिक वसूली किसी भी हाल में मानी नहीं जाएगी। जो भी लोग इससे जुड़े हैं, पूजा कमेटियों से अपील है कि वे सतर्क रहें, सजग दृष्टि रखें और देखें कि ये अनैतिक काम कौन कर रहा है। उन्हें इस काम से रोकें।
विधायक ने बताया कि उन्होंने इस मामले में प्रशासन से बात की है, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर के साथ उनकी बातचीत हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के समय दर्शनार्थियों से इस तरह अवैध रूप से मोटी रकम वसूलना हम किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे। निर्धारित पार्किंग फी हो सकती है, लेकिन उससे ज्यादा अवैध वसूली नहीं चलेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन्होंने भी यह किया है, वे सतर्क हो जाएं। आज के बाद से विभिन्न जगहों पर उनके वॉलेंटियर इस पर नजर रखेंगे और निगरानी करेंगे।














