दुर्गा पूजा से पहले बाराबनी थाने की तरफ से पुजा कमिटियों को दिए गए सरकारी अनुदान के चेक
1 min read
बाराबनी :दुर्गा पूजा से पहले बाराबनी इलाके की 52 पूजा कमेटियों को सरकारी आर्थिक सहायता का चेक वितरित किया गया।
इस मौके पर विधायक अरिजीत राय ने कहा कि यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है कि पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक संख्या में पूजा कमेटियों ने इस आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया था। मुझे खुशी है कि हमारे क्षेत्र की सभी पूजा कमेटियों को वर्तमान सरकार और लोकप्रिय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में यह सहायता राशि दी जा सकी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक के तौर पर मेरा भी यह प्रयास था और यह हमारे लिए एक चुनौती थी कि नई सरकार सभी कमेटियों के चेहरे पर मुस्कान ला सके। हम इसमें सफल रहे हैं। इसके लिए मैं पुलिस प्रशासन, बाराबनी थाना और आसनसोल पुलिस कमिश्नरेट को भी दिल से धन्यवाद दूंगा, जिन्होंने पूरी दक्षता के साथ इस पूरी व्यवस्था को संभाला है।
विधायक ने कहा कि यह लोगों की सरकार है। हमने कहा था कि यह भयहीन और भरोसे की सरकार होगी और यह उसी भरोसे की स्थापना है। दुर्गा पूजा कोई रंग देखकर नहीं होती। लाल, नीला, पीला, हरा देखकर पूजा नहीं होती। मां सबकी है, मां किसी एक दल की नहीं है। पिछली सरकार अगर कहीं थोड़ी सी भी राजनीति की गंध पाती थी कि कोई कमेटी उनकी समर्थक नहीं है या उनके खिलाफ है, तो उन्हें न सिर्फ आर्थिक रूप से वंचित किया जाता था बल्कि उन्हें हर तरफ से परेशान किया जाता था।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार मानवीय सरकार है। दुर्गा पूजा पश्चिम बंगाल के लोगों का, बंगाली समाज का सबसे बड़ा त्योहार है। इसलिए हम धर्म, जाति और राजनीतिक रंग को देखे बिना सभी को साथ लेकर चल रहे हैं, जिससे आज सभी के चेहरे पर खुशी है।














