आसनसोल चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम कमिश्नर को लिखा पत्र
1 min read
आसनसोल :आसनसोल चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में साफ सफाई को लेकर कुछ सवाल उठाए हैं पत्र में शंभू नाथ झा ने लिखा है कि
अत्यंत दुःख और चिंता के साथ यह बात आप सभी के समक्ष रखना पड़ रहा है कि आसनसोल शहर में गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि आज ही इन समस्याओं की तस्वीरों के साथ यह संदेश मंत्री, विधायकगण एवं सभी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पोस्ट, ई-मेल और व्टासऐप के माध्यम से पहुँचाने का प्रयास करेंगे, ताकि इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दिया जा सके।

आसनसोल के नागरिक रोज ऐसी भयावह स्थिति देखते हैं। ऐसा लगता है कि संबंधित अधिकारियों को सब कुछ पता होने के बावजूद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। आखिर कब तक आसनसोल की जनता इस स्थिति को झेलती रहेगी? नगर निगम चुनाव में अभी लगभग चार महीने का समय है। यदि प्रशासन इस व्यवस्था को सुधारने में असमर्थ है, तो वह विनम्रतापूर्वक कहना चाहते हैं कि सरकारी अमला केवल चेंबर का सहयोग करे, चेंबर को एक अवसर दिया जाए—वह चार महीने में आसनसोल को बेहतर और व्यवस्थित बनाने का पूरा प्रयास करने का वादा करते हैं। अपने पत्र उन्होंने लिखा है कि
पिछले काफी समय से यह सुनने को मिल रहा है कि फल, सब्जी और मछली विक्रेताओं को उचित मंडी में स्थानांतरित किया जाएगा। लेकिन आज भी प्रतिदिन सुबह मछली की गाड़ियाँ आती हैं, सड़क पर मछली उतारी जाती है और उसका गंदा पानी सड़क पर छोड़ दिया जाता है। इसी तरह फल और सब्जी के विक्रेताओं द्वारा भी सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों में गंदगी फैलती है। दूसरी ओर, जी.टी. रोड पर वर्षों से व्यवसाय करने वाले दुकानदार सरकार को नियमित रूप से टैक्स देते हैं, लेकिन उन्हें इस गंदगी और अव्यवस्था का खामियाजा भुगतना पड़ता है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जो लोग सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैला रहे हैं, उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती। शंभू जाने पत्र में लिखा कि उनकी तरफ से प्रशासन को तत्काल अनुरोध है कि आज रात से ही बीएनआर मोड़ एवं काली पहाड़ी जी.टी. रोड पर फल, मछली और सब्जी लेकर आने वाली गाड़ियों के सड़क पर प्रवेश एवं माल उतारने पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा सभी वाहनों को निर्धारित मंडी में भेजा जाए।
जब सड़क पर माल उतारा जा सकता है, तो निर्धारित मंडी में क्यों नहीं? वहाँ आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हैं और यदि प्रशासन इच्छाशक्ति के साथ कार्रवाई करे तो इस व्यवस्था को आसानी से लागू किया जा सकता है।
आसनसोल के लोग अब इस गंदगी और अव्यवस्था के इतने आदी हो गए हैं कि शायद इसे सामान्य मानने लगे हैं। लेकिन यह सामान्य नहीं है—यह हमारे शहर की गरिमा और पहचान पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न है।
दूसरे शहर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आसनसोल कब सुधरेगा—यह सवाल आज हर नागरिक के मन में है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि इस विषय को केवल एक शिकायत के रूप में न लें, बल्कि आसनसोल के भविष्य और नागरिकों के सम्मान से जुड़ा विषय मानकर तत्काल ठोस कार्रवाई करें।
आसनसोल को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और व्यवसाय के लिए बेहतर शहर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।














