आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स में फायर सेफ्टी अवेयरनेस कैंप का सफल आयोजन
1 min read
आसनसोल :कल आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स भवन में वेस्ट बेंगल फायर एंड एमरजैंसी सर्विसेज डिपार्टमेंट, आसनसोल चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एवं होटल ओनर्स एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से एक महत्वपूर्ण फायर सेफ्टी अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यवसायियों एवं चेम्बर के सदस्यों ने उपस्थित होकर इसका लाभ उठाया।
कार्यक्रम में आसनसोल फायर स्टेशन के स्टेशन ऑफीसर चिन्मय बक्शी, के. डी. रख्खित तथा एएफओ अभिजीत तंतुबाय सहित फायर विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण नियमों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने विशेष रूप से फायर लाइसेंस तथा फायर एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया, इसमें आने वाली संभावित कठिनाइयों तथा आवश्यक नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही, अग्नि सुरक्षा से जुड़े ऐसे कई महत्वपूर्ण नियमों एवं सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया, जिनकी जानकारी बहुत से व्यवसायियों को पहले से नहीं थी।
इस अवसर पर आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों और फायर विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। उद्देश्य यह है कि भविष्य में किसी भी व्यवसायी को फायर लाइसेंस अथवा एनओसी प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े और चेम्बर के माध्यम से व्यवसायियों को विभागीय स्तर पर उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग मिल सके।
आसनसोल फायर स्टेशन के स्टेशन ऑफीसर चिन्मय बक्शी ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों को फायर एनओसी एवं लाइसेंस प्राप्त करने में यथासंभव किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में सदस्य एवं व्यवसायी उपस्थित रहे, जिससे इस पहल की उपयोगिता और सफलता का स्पष्ट प्रमाण मिला।
आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स की इस पहल से व्यवसायियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ आने वाले दिनों में फायर लाइसेंस एवं एनओसी से संबंधित कार्यों में बेहतर समन्वय और अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
यह पहल व्यवसायी समुदाय और प्रशासनिक विभाग के बीच सहयोग एवं विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।














