गांधी जयंती पर कांग्रेस की तरफ से राष्ट्रपिता को दी गई श्रद्धांजलि
1 min read
आसनसोल :कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के अवसर पर मोहिशिला स्थित “महात्मा गांधी प्रतिमा” पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में असनसोल उत्तर विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी प्रसनजीत पुईतंडी, शंपा सरकार, शाह आलम खान, अरूप मुखर्जी, राहुल रंजन, उत्तम घोष, सुप्रियो मुखर्जी, गुड्डू बर्मन, मो. आजाद, दानिश इकबाल, एजाज अहमद सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई। उपस्थित नेताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वराज के आदर्शों को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। प्रसनजीत पुईतंडी ने कहा कि आज के समय में गांधी जी के सिद्धांतों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
शाह आलम खान ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी जी ने हमें केवल आजादी ही नहीं दिलाई, बल्कि एक नैतिक समाज की नींव भी रखी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गांधी जी के आदर्शों को जीवन में उतारें और देश सेवा में योगदान दें। शंपा सरकार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के लिए गांधी जी का दृष्टिकोण आज भी प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों पर भी चर्चा की और कहा कि गांधी जी के सपनों का भारत बनाने के लिए जनता को एकजुट होकर काम करना होगा। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने “सत्यमेव जयते” और “जय हिंद” के नारे भी लगाए।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने गांधी जी के विचारों को आगे बढ़ाने और समाज में शांति, भाईचारा और समानता स्थापित करने का संकल्प लिया। कांग्रेस की ओर से बताया गया कि गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पूरे जिले में सेवा और स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।














