*आसनसोल : नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, 4 युवक घायल*
1 min read
*आसनसोल :-* आसनसोल के नेशनल हाईवे के किनारे स्थित मां घाघर बुड़ी मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा हुआ । ओवरटेक के चक्कर में दो कारें आमने-सामने आ गईं, जिससे एक कार डिवाइडर से टकराकर युवकों पर चढ़ गई। इस हादसे में 4 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय व्यक्ति श्रीमंत घोष ने बताया कि हादसे में घायल हुए लड़के बांकुड़ा के रहने वाले हैं और कन्यापुर में काम करते हैं। वे मंदिर से निकलकर हाईवे के इस पार से उस पार जाने के लिए खड़े थे। तभी कल्ला मोड़ की तरफ से दुर्गापुर की ओर जा रही दो गाड़ियां एक साथ ओवरटेक करते हुए आ रही थीं।
एक गाड़ी ने अचानक बाएं से दाएं टर्न लिया, जिसके बाद पीछे आ रही गाड़ी ड्राइवर से संभली नहीं और डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार सीधे वहां खड़े युवकों पर चढ़ गई। हादसे में मौके पर मौजूद पांच में से चार लड़कों को गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि गनीमत रही कि किसी की मौत नहीं हुई, सभी घायल हैं।
सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उन्हें आसनसोल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।














