ईसको द्वारा नव घंटी इलाके में रास्ता बंद करने के खिलाफ लोगों ने किया प्रदर्शन
1 min read
बर्नपुर :इस्को के खिलाफ नव घंटी इलाके से हीरापुर जाने वाली सड़क पर गेट के सामने रास्ता खोद देने के आरोप पर स्थानीय निवासियों ने आज विरोध प्रदर्शन किया। इस बारे में इलाके के निवासी गौरव बनर्जी ने कहा कि इस सड़क से इस क्षेत्र के लोग बहुत आसानी से आवाजाही करते थे, लेकिन बार-बार इस्को की ओर से कभी गेट बंद कर दिया जाता है या कभी रास्ता खोद दिया जाता है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी का कहना है कि रास्ता खुला रहने से चोरी हो रही है। गौरव बनर्जी ने सवाल किया कि इस गेट पर इस्को के पाँच-छह सुरक्षा कर्मी तैनात थे, वे कहाँ हैं? अगर उन्हें रखा जाए तो चोरी नहीं होगी। गौरव बनर्जी ने कहा कि इस्को अधिकारियों के घरों में जो महिलाएँ काम करती हैं, वे नव घंटी इलाके में रहती हैं। इस रास्ते से वे अधिकारियों के घर जाती हैं और अधिकारी भी दूध या अन्य सामान खरीदने के लिए नव घंटी आते हैं, लेकिन वे ही इस क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी पैदा कर रहे हैं। गौरव बनर्जी ने साफ कहा कि यह गेट खोलना होगा ताकि यहाँ के लोगों को दिक्कत न हो।
वहीं इस मामले में इस्को ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार सुमन ने कहा कि प्रशासन और स्थानीय निवासी दोनों को एक-दूसरे के पूरक बनकर रहना होगा, आपस में झगड़ा या विवाद करके कोई फायदा नहीं। उन्होंने कहा कि रास्ता पूरी तरह बंद नहीं है, पैदल या टू-व्हीलर के लिए रास्ता खुला है, लेकिन देखा जा रहा था कि इस रास्ते का इस्तेमाल कर कॉलोनी के अंदर कुछ चोरी की घटनाएँ हो रही थीं, जिसके चलते प्रशासन की ओर से कदम उठाया गया था। लेकिन उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए चर्चा की जा रही है और उन्हें भरोसा है कि बातचीत के जरिए समाधान निकल आएगा। जब उनसे पूछा गया कि पहले इस गेट पर कंपनी के सुरक्षा कर्मी थे, अब नहीं हैं, तो उन्होंने कहा कि हर जगह सुरक्षा कर्मी देना संभव नहीं हो रहा है।














