राष्ट्रीय नेत्रदान जागरूकता क्विज में 500 महिलाओं ने लिया हिस्सा
1 min read
आसनसोल :अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन द्वारा आयोजित प्रथम राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का समापन 8 सितंबर 2026 को नेत्रदान जागरूकता क्विज के साथ हुआ। 25 अगस्त से 8 सितंबर तक चले इस अभियान के दौरान देशभर में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

समापन अवसर पर 8 सितंबर को शाम 4 बजे WhatsApp Group के माध्यम से ऑनलाइन “नेत्रदान जागरूकता क्विज” आयोजित किया गया। क्विज में अधिकतम 500 प्रतिभागियों की सीमा रखी गई थी और सभी 500 सीटें भर गईं। देश के विभिन्न राज्यों से संगठन की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नेत्रदान के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेताओं में
प्रथम स्थान: पर बिहार की हेमा जालान द्वितीय स्थान:ओडिशा की अपर्णा पोद्दार और तृतीय स्थान: पश्चिम बंगाल की पूनम सराफ को मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी एवं राष्ट्रीय सचिव बबीता बगड़िया ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अभियान में संगठन की सदस्यों द्वारा दिए गए सक्रिय सहयोग और उत्साह के लिए आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय नेत्रदान देहदान प्रकल्प प्रमुख सरोज सुनालिया एवं डॉ. राजकुमारी जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य नेत्रदान के प्रति प्रचलित भ्रांतियों को दूर करना तथा अधिक से अधिक लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान के संकल्प के लिए प्रेरित करना रहा।
क्विज की संयोजक मधु डमरेवाल के समन्वय से आयोजित क्विज में प्रतिभागियों ने नेत्रदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को रोचक तरीके से समझा और अपने ज्ञान का परीक्षण किया।
कार्यक्रम के माध्यम से “नेत्रदान महादान” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अनुरोध किया गया कि वह “आँखें दें, जीवन दें। नेत्रदान करें, उज्ज्वल भविष्य दें।”














