*दुर्गा पूजा पंडाल की पवित्रता को लेकर VHP के बयान पर सफाई, “बयान को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है” – अग्निमित्रा पाल*
1 min read
आसनसोल :दुर्गा पूजा को लेकर विश्व हिंदू परिषद के बयान पर चल रहे विवाद के बीच आज मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी और कहा कि विहिप के बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा, सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री ही इस पर अंतिम फैसला लेंगे। अभी तक उनके पास कोई आधिकारिक खबर नहीं है कि क्या फैसला हुआ है। उनका कहना था कि जिस तरह माँ की पूजा होती है, माँ के पूजा का जो माहौल है, उसे बहुत अच्छी तरह से पवित्र रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, हमने सिर्फ इतना कहा था कि चप्पल-जूते जैसी चीजें पूजा मंडप के बाहर हों, इसमें तो किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि विश्व हिंदू परिषद की बातों को विकृत मत कीजिए। उन्होंने आगे कहा, हम बंगाली हैं, हम मछली, मांस, चिकन खाकर बड़े हुए हैं। उस पर कोई रोक-टोक नहीं है, कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन जहाँ माँ का पंडाल है, जहाँ माँ की पूजा हो रही है, उस जगह को हम पवित्र रखें। बस इतनी सी बात कही गई थी। माँ की एक गरिमा है।
गौरतलब है कि इससे पहले विहिप की तरफ से दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास खान-पान और पहनावे को लेकर कुछ अपील की गई थी, जिसके बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया था।














