*श्रावणी मेला के दौरान जसीडीह स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ के समय एस्केलेटर का संचालन अस्थायी रूप से बंद रेलवे कर्मियों एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवकों द्वारा व्हीलचेयर सहायता उपलब्ध*
1 min read
आसनसोल :श्रावणी मेला के दौरान जसीडीह रेलवे स्टेशन पर कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए आसनसोल मंडल, पूर्व रेलवे द्वारा यात्री सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक यात्री सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं की गई हैं। अत्यधिक भीड़ के समय यात्री सुरक्षा के हित में एस्केलेटर का संचालन अस्थायी रूप से बंद रखा जाता है।
यह देखा गया है कि कुछ यात्री एस्केलेटर के उपयोग के अभ्यस्त नहीं होने के कारण चलते हुए एस्केलेटर पर चढ़ते समय झिझकते हैं। श्रावणी मेला के दौरान अत्यधिक भीड़ के समय ऐसी स्थिति में एस्केलेटर के प्रवेश स्थल पर यात्रियों का जमाव हो सकता है। भीड़ का घनत्व बढ़ने पर मामूली धक्का भी किसी यात्री के चलते हुए एस्केलेटर पर गिरने का कारण बन सकता है, जिससे गंभीर चोट लगने अथवा किसी अप्रिय घटना की संभावना उत्पन्न हो सकती है।
अत्यधिक भीड़ के समय एस्केलेटर का संचालन अस्थायी रूप से बंद रखने का उद्देश्य यात्रियों को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना तथा यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यात्रियों से अनुरोध है कि ऐसे समय में सीढ़ियों का उपयोग करें तथा सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें। श्रावणी मेला के दौरान जसीडीह स्टेशन पर दिव्यांगजन एवं व्हीलचेयर सहायता की आवश्यकता वाले यात्रियों को आवश्यकतानुसार रेलवे कर्मचारियों के समन्वय से भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवकों द्वारा व्हीलचेयर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे सहायता की आवश्यकता वाले यात्रियों को स्टेशन परिसर में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन में सुविधा मिल रही है। श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए टिकटिंग व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। यात्रियों को सुगम टिकट सुविधा उपलब्ध कराने तथा टिकट केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख तीर्थयात्री स्टेशनों पर एटीवीएम एवं यूटीएस काउंटरों का संचालन चौबीसों घंटे किया जा रहा है।
– जसीडीह: 10 एटीवीएम एवं 20 यूटीएस काउंटर।
– देवघर: 3 एटीवीएम एवं 5 यूटीएस काउंटर।
– बासुकीनाथ: 2 एटीवीएम एवं 4 यूटीएस काउंटर।
– बैद्यनाथधाम: 1 एटीवीएम एवं 3 यूटीएस काउंटर।
इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराना तथा श्रावणी मेला के दौरान निरंतर टिकटिंग सेवाओं के माध्यम से अत्यधिक भीड़ का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
आसनसोल मंडल यात्रियों एवं श्रद्धालुओं से अपील करता है कि उपलब्ध यात्री सुविधाओं का उचित उपयोग करें, सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में रेल प्रशासन को अपना सहयोग प्रदान करें।
श्रावणी मेला के दौरान यात्री सुरक्षा आसनसोल मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।














