आसनसोल चैंबर ऑफ़ कॉमर्स सचिव शंभू नाथ झा ने भय मुक्त निवेश के वातावरण निर्माण के लिए मुख्यमंत्री के हालिया बयान का किया स्वागत
1 min read
आसनसोल :आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव शम्भु नाथ झा ने अपने सभी सदस्यों, व्यवसायियों एवं उद्योगपतियों के बीच मुख्यमंत्री के हालिया संदेश को साझा करते हुए कहा है कि यदि किसी भी व्यवसायी को कोई नेता या अन्य व्यक्ति अनावश्यक रूप से परेशान करता है, तो सबसे पहले मुख्यमंत्री का यह संदेश संबंधित व्यक्ति को अवश्य दिखाएँ जिसमें उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि व्यापारियों और उद्योगपतियों को अगर बेवजह परेशान किया जाएगा तो सरकार कड़ी कार्रवाई करगी इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो स्थानीय विधायक को इसकी जानकारी दी जाएगी। और यदि तब भी न्याय नहीं मिलता है, तो किसी भी समय सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष यह मामला उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य व्यवसायियों के बीच भयमुक्त वातावरण का निर्माण करना है, ताकि वे बिना किसी दबाव या भय के अपने व्यापार और उद्योग का संचालन कर सकें।
शम्भु नाथ झा ने स्पष्ट किया कि आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स का एकमात्र उद्देश्य आसनसोल को एक बार फिर ऐसा शहर बनाना है, जहाँ उद्योगों की स्थापना और व्यापार पूरी तरह सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण में हो सके।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि किसी व्यावसायिक संगठन द्वारा इस प्रकार खुलकर व्यवसायियों के हित में खड़े होने से उद्योगपतियों एवं व्यापारियों के मन में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होगी तथा नए निवेश और उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
शम्भु नाथ झा ने बताया कि उन्हें कुछ गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनके मद्देनज़र व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाना आवश्यक हो गया।














