भिरिंगी चासी पाड़ा में 24 घंटे के अखंड हरि नाम संकीर्तन का भव्य आयोजन, विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई हुए शामिल
1 min read
दुर्गापुर :दुर्गापुर के भिरिंगी चासी पाड़ा स्थित श्री श्री 108 श्री महावीर स्थान में आयोजित 24 घंटे के अखंड हरि नाम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के नाम का संकीर्तन किया और क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुई, जिसमें महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” के जयघोष से भक्तिमय माहौल बन गया।
इस अवसर पर दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
विधायक लक्ष्मण घोरुई ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण में सभी की सहभागिता पर बल दिया तथा आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान भिरिंगी चासी पाड़ा के समाजसेवी एवं स्थानीय नेता अशोक महतो ने विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई का पुष्पमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं
इस अवसर पर अमित शाह यूथ ब्रिगेड के नेशनल मीडिया इंचार्ज पवन कुमार सिंह ने भी विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई का पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।














