आसनसोल पोलो ग्राउंड में ‘द पीकर्स’ के द्वितीय एडवेंचर समर कैंप-2026 का शुभारंभ
1 min read
आसनसोल :आसनसोल के प्रतिष्ठित एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं पर्वतारोहण संगठन द पीकर्स आसनसोल द्वारा आयोजित द्वितीय एडवेंचर समर कैंप-2026 का आसनसोल पोलो ग्राउंड में भव्य उद्घाटन किया गया। यह तीन दिवसीय समर कैंप 12 से 14 जून तक आयोजित किया जा रहा है और इसमें कुल 75 छात्र-छात्राएँ भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि आईएमएफ ईस्ट ज़ोन के चेयरमैन एवं माउंट एवरेस्ट विजेता, देवराज दत्ता थे। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को साहसिक खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एडवेंचर गतिविधियाँ बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कैंप में प्रतिभागियों के लिए रैपलिंग, सस्पेंशन ब्रिज, ज़िपलाइन, आर्टिफिशियल वॉल क्लाइंबिंग, टनल क्रॉलिंग, योग, ज़ुम्बा, आर्चरी, राइफल शूटिंग तथा अन्य साहसिक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को रोमांच, फिटनेस और टीम भावना का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
संगठन के अध्यक्ष सोमनाथ गोराई ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘द पीकर्स’ पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। वहीं महासचिव जयदीप मुखर्जी ने कैंप की रूपरेखा और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन युवाओं में साहस, आत्मनिर्भरता और प्रकृति के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
संस्था के विशिष्ट सदस्य मुख्य सलाहकार पवन गुटगुटिया, सत्य नारायण अग्रवाल, संतोष दत्ता, अनुपम राय, विपुल बनर्जी, मधु डुमरेवाल, शोभा खंडेलवाल, मालविका घोषाल, रबी शंकर चौबे, अन्य सदस्य उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह में संगठन के पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खेल और साहसिक गतिविधियों के प्रति उत्साही लोग उपस्थित रहे। कैंप 13 और 14 जून को भी विभिन्न प्रशिक्षण एवं साहसिक गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।














