भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल ने किया संवाददाता सम्मेलन टीएमसी पर साधा निशाना:
1 min read
आसनसोल लोकसभा उपचुनाव की भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल ने आज एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी को घेरा । उन्होंने पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी भरे लहजे में वोट न डालने देने की बात को लोकतंत्र पर बहुत बड़ा खतरा बताया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयोग से नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को या तो गिरफ्तार करने या उनको हाउस अरेस्ट करने की मांग की । अग्निमित्रा पाल ने कहा कि अनुव्रत मंडल को चुनाव के दौरान यहां आने से रोका जाए। अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक तरफ तो निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की बात करती हैं लेकिन वही नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती और अनुब्रत मंडल जैसे उनके नेता लोगों को डरा धमका कर लोकतंत्र की हत्या भी करते हैं ।भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि टीएमसी की तरफ से कोई भी चुनाव प्रचार करने के लिए आ सकता है लेकिन अनुब्रत मंडल जैसे लोग ना आए यह उनकी मांग है क्योंकि जब भी अनुव्रत मंडल कहीं गए हैं उनके पीछे विनाश आया है । उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से पांडवेश्वर सालनपुर आदि क्षेत्रों से अवैध हथियार मिल रहे हैं उससे साबित होता है कि आज बंगाल बारूद के ढेर पर बैठा हुआ है । अग्निमित्रा पाल ने कहा कि बीरभूम के रामपुरहाट में जब टीएमसी को चुनाव में जीत दिलाने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के 12 लोग आग में जल रहे थे तब कुछ ही दूरी पर पुलिस मूकदर्शक बनी बैठी हुई थी लेकिन उनको बचाने के लिए पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की क्योंकि उनको आदेश नहीं दिया गया था उन्होंने साफ कहा कि बंगाल की जनता को अब बंगाल पुलिस पर कोई भरोसा नहीं रह गया है। उन्होंने टीएमसी प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह से एक 14 साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया जिस तरह से एक दसवीं कक्षा की बच्ची की कनपट्टी पर बंदूक रखकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार हुआ इन सब घटनाओं के बाद भी शत्रुघ्न सिन्हा जो की खुद एक बेटी के पिता हैं खामोश कैसे हैं । उन्होंने पूछा कि क्या वह ममता बनर्जी से डरते हैं क्या ममता बनर्जी ने उनको सब कुछ देख कर भी खामोश रहने की हिदायत दी है ।












