राधा नगर नीचु पाड़ा में ब्लिंकिट डिलीवरी कर्मचारी के साथ मारपीट, थाने में शिकायत दर्ज!
1 min read
आसनसोल : ब्लिंकिट के एक कर्मचारी विवेक कुमार वर्मा ने आरोप लगाया है कि कल रात डिलीवरी के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। विवेक के अनुसार, वह सामान की डिलीवरी देने जा रहे थे तभी राधा नगर नीचु पाड़ा इलाके में एक कार चालक से मामूली बात पर कहासुनी हो गई।
विवेक कुमार ने बताया कि इसके बाद कार चालक ने पहले उन्हें गाली दी और फिर गाड़ी से उतरकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कार में बैठे तीन से चार अन्य लोग भी बाहर आ गए और उन्होंने भी विवेक के साथ मारपीट की। विवेक का कहना है कि हमला अचानक हुआ और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद विवेक कुमार वर्मा ने संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जानकारी उन्होंने अपने कार्यालय को भी दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।














