खदान में दबकर मरने की घटना के एक दिन बाद सीआईएसएफ और पुलिस की टीम पहुंची निरीक्षण पर!
1 min read
आसनसोल : कल बीसीसीएल के दामा गड़िया खुला ओसीपी में तीन लोगों के दबने से मौत हो गई। आरोप है कि वे वहां कोयला चोरी करने गए थे, जब वह दुर्घटना का शिकार हो गए। आज पुलिस और सीआईएसएफ के अधिकारी वहां निरीक्षण करने गए और कल क्या हुआ था, इसकी जांच शुरू की। यहां चौरंगी चौकी के अधिकारी कार्तिक भुंई भी थे। बताया जा रहा है कि मरने वालों का पोस्टमार्टम भी नहीं किया गया था। कैमरे के सामने सीआईएसएफ के अधिकारी ज्यादा कुछ बोलने को तैयार नहीं हुए, उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि कल जहां दुर्घटना हुई, वह अत्यंत खतरनाक जगह है और वहां किसी व्यक्ति का जाना मना है। उन्होंने कहा कि जांच कर देखा जा रहा है कि कैसे यह घटना हुई।
दामा गड़िया प्रोजेक्ट अधिकारी धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि कोलीयरी की ओर से हर तरह से कोशिश की जाती है कि वहां कोई न घुसे। उन्होंने कहा कि जहां कल दुर्घटना हुई, वहां कंटीले तार दिए गए हैं और 50 फिट ऊंची दीवार है, फिर भी लोग वहां कैसे गए, इसकी जांच होगी। उन्होंने कहा कि कोलीयरी की ओर से लगातार प्रचार किया जाता है कि लोग अवैध उत्खनन न करें और कोशिश की जाती है कि इस अवैध उत्खनन को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जब भी कोई अवैध खदान भरने की कोशिश की जाती है, स्थानीय लोग बाधा डालते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अवैध खनन के बारे में अवगत कराया जा रहा है।














