सपरा फाउंडेशन द्वारा गुरु गोबिंद सिंह जी के चारों साहिबज़ादों के बलिदान को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन
1 min read
:सनातनी हिंदू धर्म एवं भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सिखों के दशम गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तथा उनके चारों साहिबज़ादों के अद्वितीय त्याग और धर्मरक्षा के उद्देश्य को स्मरण करते हुए सपरा फाउंडेशन की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गुरु गोबिंद सिंह जी के चारों पुत्रों — बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा ज़ोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह — के बलिदान, साहस और धर्म की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को जन-जन तक पहुँचाना था।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से प्रमोद सपरा एवं नीलम सपरा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही समाज की प्रतिष्ठित महिलाओं में कुलविंदर कौर, जगजीत कौर, गुरुचरण कौर सालुजा सहित विभिन्न गुरुद्वारों से आई महिला प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन, उनके आदर्शों, तथा सनातन धर्म की रक्षा के लिए दिए गए बलिदानों पर प्रकाश डाला। उपस्थित जनसमूह ने गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने और धर्म, मानवता एवं राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
सपरा फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, धर्मिक एकता और ऐतिहासिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास सिद्ध हुआ।












