रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद
1 min read
आसनसोल रामनवमी को लेकर पूरे बंगाल के साथ साथ आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट भी पूरी तरह से सतर्क है ताकि कही भी कोई अप्रिय घटना न हो। कल इसको लेकर आसनसोल नगर निगम के आलोचना भवन में एक बैठक हुई जिसमें पुलिस के आला अधिकारी और रामनवमी आयोजक संस्था के सदस्य उपस्थित थे। इस दौरान डीसी सेंट्रल ध्रुव दास एसीपी सेंट्रल विश्वजीत साहा साउथ थाना प्रभारी कौशिक कुंडू सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौजूद थे। ध्रुव दास ने सभी रामनवमी आयोजक संस्था के सदस्यों को बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा शोभायात्रा के मार्ग को सीसीटीवी कैमरे से पाट दिया गया है। पुलिस की तरफ से वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। हटन रोड कॉरपोरेशन मोड़ शनि मंदिर के सामने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिल्पांचल में विभिन्न स्थानों पर विभिन्न दिनों में शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की हिदायत दी। साथ ही उन्होंने शोभायात्रा में शामिल होने वाले लोगों से भी प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि हर त्यौहार की तरह यह त्यौहार भी बेहद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो जाएगा। वहीं कल रात पुलिस द्वारा शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर रूट मार्च भी किया गया।












