सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद बाबुल सुप्रियो पहली बार पंहुचे आसनसोल पत्रकारों से हुए मुखातिब
1 min read
आसनसोल टाइम्स : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद बंगाल भाजपा को टीएमसी ने कई तगड़े झटके दिए थे । उनमें से सबसे तगड़ा झटका था आसनसोल के दो बार के भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो का टीएमसी में जाना । इसके बाद बाबुल सुप्रियो ने सांसद पद भी छोड़ दिया था । इन सब घटनाक्रमों के बाद बाबुल सुप्रियो काफी दिनों तक आसनसोल से दूर रहे । कल बाबुल सुप्रियो सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार आसनसोल पंहुचे जहां उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन किया । इस मौके पर उनके साथ पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष बिधान उपाध्याय जमुड़िया के विधायक हरेराम सिंह पश्चिम बर्दवान जिला आईएनटीटीयुसि अध्यक्ष अभिजित घटक सहित इस जिले के तमाम बड़े टीएमसी नेता उपस्थित थे । बाबुल सुप्रियो ने सबसे पहले इतने दिनों बाद आसनसोल वापस आने पर खुशी जताई । इसके साथ ही उन्होंने टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया । उन्होंने कहा कि जब वह आसनसोल आ रहे थे तब जिस तरह से टीएमसी के समर्थकों का उत्साह उन्होंने देखा उसे देखकर उनको भारी खुशी हुई । उन्होंने टीएमसी के नेताओं को भी उनका पार्टी में इतने खुले दिल से स्वागत करने के धन्यवाद दिया । उन्होंने कहा कि वह राजनीति छोड़ चुके थे लेकिन ममता बनर्जी और अभिषेक बैनर्जी ने उनको समझाया कि उन्होंने अच्छा काम किया है और उनको फिर से राजनीति में आना चाहिए । यही वजह है कि वह फिर से राजनीति में आए । इसके उपरांत बाबुल ने नाम लिए बिना दिलीप घोष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज भी भाजपा के एक नेता ने पोलो मैदान में आकर लोगों को बरगलाने की कोशिश की लेकिन उनको विश्वास है कि आसनसोल की जनता इसका लोकतांत्रिक तरीके से माकुल जवाब देगी । उन्होंने दिलीप घोष की गतिविधियों को सर्कस का नाम दिया । वहीं भाजपा नेता तथागत राय द्वारा उनपर किए गए जुबानी हमलों को लेकर उन्होंने कहा कि उनके मन में तथागत राय को लेकर कोई तल्खी नहीं है लेकिन तथागत राय ने पश्चिम बंगाल भाजपा को लेकर जो भी कहा है उसका बाबुल सुप्रियो ने पुरा समर्थन किया और कहा कि यही वजह है कि वह भाजपा से दूर हो गए । बाबुल सुप्रियो ने आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल को सलाह देते हुए कहा कि ट्वीटर एकाउंट है तो कुछ भी ट्वीट ना करें । आसनसोल में सांसद के ना रहने के कारण सांसद निधि से आसनसोल के वंचित होने को लेकर बाबुल ने कहा कि उन्होंने भले ही नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे दिया हो लेकिन बतौर सांसद उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में अगले साल मार्च महीने तक के कार्यों का ब्योरा जमा कर दिया है । ऐसे में आसनसोल के वंचित होने का सवाल नहीं है । आने वाले आसनसोल लोकसभा के उपचुनावों को लेकर बाबुल सुप्रियो ने दावा किया कि टीएमसी का ही प्रत्याशी यहां से चुनाव जीतेगा ।














