*विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत आसनसोल मंडल में स्वच्छता अभियान एवं जन संवाद में तेजी*
1 min read
आसनसोल :पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत रविवार को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य यात्री जागरूकता, जनभागीदारी तथा रेल यात्री सेवाओं में सुधार को बढ़ावा देना था।
आसनसोल रेलवे स्टेशन एवं पांडवेश्वर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की सीमा से बाहर रेलवे ट्रैक के आसपास कचरा चुनने सहित गहन सफाई अभियान चलाया गया। सिउड़ी रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सफाई एवं छिड़काव का कार्य किया गया। वहीं, अंडाल रेलवे स्टेशन पर भी गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया।
आसनसोल, सीतारामपुर, रानीगंज, पानागढ़, मधुपुर, दुर्गापुर एवं अंडाल रेलवे स्टेशनों पर जन संवाद एवं जन सुझाव कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान यात्रियों ने रेल अधिकारियों के साथ संवाद कर अपनी शिकायतें, सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ साझा कीं। आसनसोल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से फीडबैक फॉर्म भी भरवाए गए, ताकि रेल यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं में सुधार हेतु उनके बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किए जा सकें। आसनसोल मंडल के अधिकारियों द्वारा पूर्व रेलवे सभी यात्रियों से अपील की गई कि वह निर्धारित कूड़ेदानों का उपयोग करें, रेलवे परिसर में कचरा न फैलाएँ तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। यात्रियों से यह भी अनुरोध है कि वह जन संवाद कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें तथा रेल यात्री सेवाओं को और बेहतर बनाने हेतु अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करें।














