*आसनसोल के बीबी कॉलेज में तोड़फोड़ और मारपीट पर भड़के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, कहा – शिक्षण संस्थान में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं*
1 min read
आसनसोल :आसनसोल के प्रतिष्ठित बीबी कॉलेज में प्रिंसिपल के बोर्ड तोड़े जाने और छात्रों के बीच मारपीट की घटना को लेकर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कड़ी नाराजगी जताई है।पत्रकारों से बात करते हुए विधायक ने कहा, “4 तारीख को सत्ता परिवर्तन के बाद से यह पांचवीं बार इस तरह की घटना हुई है। आसपास के लोग परेशान हो चुके हैं। कल से अब तक मेरे पास 50-60 फोन आ चुके हैं।”
उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में छात्रों की संख्या के हिसाब से बीबी कॉलेज बहुत बड़ा कॉलेज है। यहां करीब साढ़े आठ हजार छात्र पढ़ते हैं। यह आसनसोल की धरोहर है। यहां इस तरह से मारपीट हो रही है, वीडियो में जिस तरह से सब्बल से प्रिंसिपल का बोर्ड तोड़ा जा रहा है, यह देखकर लगता है कि किसी भी वक्त कोई बड़ी घटना घट सकती है, किसी की जान भी जा सकती है।विधायक ने कहा, “हमने भी छात्र राजनीति की है। हम आज भी अपने शिक्षकों को पैर छूकर प्रणाम करते हैं। लेकिन यहां महिला नॉन-टीचिंग स्टाफ रो रही हैं, कह रही हैं कि ऐसी गाली-गलौज की जा रही है। ये छात्र हैं या कौन हैं? इन्हें घर में शिक्षा नहीं दी गई क्या ? उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “एक लड़का जिसका नाम भोला बताया जा रहा है, वह 4 तारीख से पहले तक तृणमूल छात्र परिषद के साथ घूमता था और 4 तारीख के बाद से वह यहां नेता बन गया है। कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने चेतावनी दी, “मेरे विधानसभा में यह चीज मैं होने नहीं दूंगा। पश्चिम बंगाल में यह चीज नहीं चलेगी। यहां छात्र पढ़ने आते हैं। अभिभावक डर से फोन कर रहे हैं कि उनके बच्चे क्लास में जाएं या नहीं। जो लोग यह कर रहे हैं, वे अभी भी सुधर जाएं, नहीं तो हम कार्रवाई करेंगे।मैंने पुलिस से बात की है, जांच करवा रहा हूं कि कौन-कौन इस घटना में शामिल है। छात्र अगर छात्र की तरह व्यवहार करेगा तो ठीक है, लेकिन अगर छात्र माफिया और असामाजिक तत्वों की तरह व्यवहार करेगा तो हमारा व्यवहार भी वैसा ही होगा।उन्होंने अंत में कहा, “शिक्षण संस्थान शिक्षा की जगह है, यहां किसी भी तरह की गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैं प्रिंसिपल से मिलकर आया हूं, सब कुछ जान लिया है। यह मेरा साफ संदेश है, यह चीज चलने नहीं दूंगा














