*आसनसोल में टोटो चालकों का वन-वे नियम के खिलाफ प्रदर्शन, विधायक से लगाई न्याय की गुहार
1 min read
आसनसोल :शहर में लागू किए गए नए वन-वे रूट से नाराज टोटो चालकों ने आज विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी से मुलाकात की। टोटो चालक मनीष कुमार यादव ने बताया कि हम लोग टोटो के मुद्दे को लेकर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के पास आए हैं। अभी जो नया वन-वे रूट बनाया गया है, हम लोग उससे संतुष्ट नहीं हैं। इसी नियम के लिए हम न्याय मांगने आए हैं।
उन्होंने कहा कि वन-वे में सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि रूट बहुत लंबा हो गया है, जिससे बस स्टैंड तक जाने में 50 रुपये का भाड़ा लग रहा है। इससे सभी को असुविधा हो रही है।
कुछ लड़के जो कॉरपोरेशन में गाड़ी चलाते थे, उन्हें अभी 13 नंबर के पास पुलिस प्रशासन रोक रहा है। वे ऊपर नहीं जा पा रहे हैं और कमा नहीं पा रहे हैं। बहुत लोगों का परिवार इसी पर चलता है।हमारा यही मुद्दा है कि हम न्याय के लिए आए हैं। हम चाहते हैं कि जैसे पहले नियम चलता था, वैसे ही फिर से चलने दिया जाए। वहीं ऑटो चालक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जो सिस्टम बनाया गया है उसमें बोला जा रहा है कि जीटी रोड पर नहीं चढ़ना है उसी रूट में बहुत सारे स्कूल और हॉस्पिटल भी हैं, वहां लोग कैसे जाएंगे? यह तो नहीं कहा जा सकता कि बच्चों को यहीं छोड़ दिया है, पैदल जाओ। अगर कल बच्चे हादसे का शिकार हो गए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
उन्होंने कहा कि हम इसी न्याय के लिए आसनसोल उत्तर के विधायक के पास आए हैं। ऑटो मंथली पर नहीं चलता, बहुत लोग स्कूल के लिए टोटो को मंथली रखे हुए हैं।
चालकों ने टैक्स के मुद्दे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले साल ममता बनर्जी सरकार ने हर ऑटो वाले से 1750 रुपये टैक्स के नाम पर लिया था, आरटीओ ने नंबर भी दिया था। तो आज किस आधार पर बोला जा रहा है कि जीटी रोड पर नहीं चलने देंगे?














