कंपनी के खिलाफ सौतेला आचरण का आरोप लगाते हुए स्विग्गी के डिलीवरी बॉयज ने शुरू किया आंदोलन
1 min read
आसनसोल :महंगाई के इस दौर में घटते पैसों और कंपनी की मनमानी के खिलाफ आसनसोल के स्विगी डिलीवरी बॉयज ने आज काम बंद कर बीएनआर इलाके में आंदोलन शुरू कर दिया है। हाथों में हेलमेट और नारंगी टी-शर्ट पहने सैकड़ों राइडर्स ने कंपनी मैनेजमेंट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
आंदोलन कर रहे राइडर्स ने कहा कि यह आंदोलन क्यों हो रहा है, कैसे हो रहा है, इसका एक ही कारण है महंगाई। महंगाई के दिन में पेट्रोल का दाम इतना बढ़ गया है, लेकिन कंपनी पुराने रेट पर ही पैसा दे रही है। दिन-ब-दिन हम लोगों का पैसा घटता ही जा रहा है। ऑर्डर लेकर डिलीवरी तक 8 से 10 किलोमीटर जाने पर सिर्फ 30 रुपये मिलते हैं, कंपनी से कोई मदद नहीं है।
राइडर्स ने बताया कि रेस्टोरेंट में ऑर्डर मे देरी होने पर हमें आधा घंटा, 30-40 मिनट, एक घंटा तक खड़ा रहना पड़ता है, फिर भी हमें कुछ नहीं मिलता। कई बार हम रेस्टोरेंट पहुंचते हैं तो पता चलता है कि रेस्टोरेंट बंद है। 10 किलोमीटर अंदर जाना पड़ता है, 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, उस पर भी सिर्फ 10 रुपये मिलता है। उन्होंने पूछा 10 रुपये में किसी का पेट चलेगा?
उन्होंने कहा कि किस डिलीवरी बॉय के बीमार होने पर या कोई हादसा होने पर, गाड़ी मैं कोई समस्या आने पर कंपनी कोई पैसा नहीं देती, कोई मदद नहीं करती। हर रोज यहां के लड़के 12 से 14-15 घंटे, रात 2-3 बजे तक काम करते हैं। लोग देखते हैं, हम लोग रात 2-3 बजे तक सड़क पर रहते हैं। कोई राइडर फंस जाए, मर जाए कंपनी को कोई फर्क नहीं पड़ता।
राइडर्स ने अपने टीम लीडर पर धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम लोगों का जो टीएल है, वह धमकी देता है कि तुम काम नहीं करोगे तो तुम्हारी आईडी बैन कर देंगे, तुम्हें टर्मिनेट कर देंगे। आसनसोल के लड़कों को इस तरह धमकाया जा रहा है, हमारी कोई सुनने वाला नहीं है।
सामने दुर्गा पूजा आ रही है, सबको पता है आसनसोल में चतुर्थी से ही पूरा जाम रहता है। लेकिन कंपनी की तरफ से कुछ नहीं। अष्टमी-सप्तमी में सिर्फ 5-10 रुपये एक्स्ट्रा देकर बढ़ा दिया जाता है, ऐसे में नहीं चलेगा।
राइडर्स ने कहा कि आज हम लोग आंदोलन कर रहे हैं और जब तक मैनेजमेंट हम लोगों की मांगों का समाधान नहीं करेगा, तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी। यह तो अभी शुरुआत है, यह दिन-ब-दिन चलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि हमने टीम लीडर को बुलाया, वह आश्वासन देकर भी नहीं आए। एरिया मैनेजर राज मंडल को भी फोन किया गया है, वह भी नहीं आये। वह पहले बोलकर गये थे कि नई जॉइनिंग बंद करो।
राइडर्स ने ट्रैफिक पुलिस से भी मांग की है कि कुछ-कुछ राइडर्स को बिना लाइसेंस और बिना डॉक्यूमेंट के जॉइनिंग कराई गई है। कुछ राइडर्स गांजा और दारू पीकर ऑर्डर मार रहे हैं, उन लोगों के बैग चेक करने की जरूरत है क्योंकि वो लोग गलत काम कर रहे हैं। कुछ कस्टमर खाना चोरी करने का भी आरोप लगाते हैं, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
राइडर्स की मांग है कि नई जॉइनिंग बंद की जाए, डिलीवरी रेट बढ़ाया जाए, मेडिकल और एक्सीडेंट इंश्योरेंस दिया जाए और धमकी देना बंद किया जाए।














