बाबा बागेश्वर धाम धीरेन्द्र शास्त्री के खिलाफ कांग्रेस द्वारा आसनसोल साउथ थाने में एफआईआर दर्ज
1 min read
आसनसोल :बंगाल की दुर्गा पूजा और बंगाली संस्कृति पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने आसनसोल में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रसनजीत पुईतुंडी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक धर्मगुरु का पुतला और पोस्टर जलाया और आसनसोल साउथ थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
मीडिया से बात करते हुए प्रसनजीत पुईतुंडी ने कहा कि बंगाल में 2014 के बाद से कुछ बाबा पैदा हो गए हैं। आरोप है कि एक बाबा ने बंगाल में आकर कहा कि बंगाली अधर्मी, पाखंडी हैं और बंगाली दुर्गा पूजा कैसे करें, क्या खाएं, क्या पहनें ये सिखाने आए हैं। मुख्यमंत्री के बगल में बैठकर 10 करोड़ बंगालियों का अपमान किया गया और वहां मौजूद बीजेपी के नेता और मंत्री ताली बजा रहे थे।
उन्होंने कहा, “बंगाल का हर घर-घर में दुर्गा पूजा होता है। मेरे घर में खुद साढ़े चार सौ साल से दुर्गा पूजा होती है। तारापीठ में मां तारा के भोग में मछली का सिर रखा जाता है, ये बंगाल का कल्चर है और शास्त्रों में भी है। बंगाल की दुर्गा पूजा को पूरी दुनिया में सराहा जाता है।”
पुईतूंडी ने कहा कि यह यूपी-बिहार की संस्कृति को बंगाल में लागू करने की कोशिश की जा रही है। अगर यही बात तमिलनाडु या महाराष्ट्र में जाकर बोलता तो तुरंत उन्हें प्रतिक्रिया समझ में आ जाती। बीजेपी के पास रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कारखाने की बात नहीं है, सिर्फ धर्म के नाम पर लोगों को बांटने और गाली दिलाने का काम हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि उक्त बाबा को बंगाल में आकर माफी मांगनी होगी, शुभेंदु अधिकारी को खड़ा होकर उससे माफी मंगवानी होगी। अगर थाने में एफआईआर की कॉपी नहीं दी गई तो वे कोर्ट जाएंगे और कोर्ट के जरिए उसे आसनसोल में लाएंगे।














