आसनसोल में एक बहु मंजिला इमारत में लगी आग कोई हताहत नहीं, विधायक ने संभाला मोर्चा
1 min read
आसनसोल :आसनसोल के जेनेक्स एग्जॉटिका के राधा अपार्टमेंट में आज दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना 13 मंजिला (G+13) बिल्डिंग के टॉवर-5 के फर्स्ट फ्लोर पर फ्लैट नंबर 1C में हुई।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए मेंटेनेंस स्टाफ के सौरव सरकार ने बताया, “फ्रिज में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। यह एनपीआर / एंटर का काम था, वहीं पर आग लग गई। यहां गैस से संबंधित कोई आग नहीं लगी है।”
आग लगते ही बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई। सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
“हमने दमकल विभाग का सपोर्ट लिया। दमकल की गाड़ियां आते ही आग पर काबू पा लिया गया। उससे पहले मेंटेनेंस के सभी स्टाफ मिलकर शुरू से ही आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे,” – सौरव सरकार ने कहा।
दमकल विभाग ने करीब 30 मिनट के अंदर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस बारे में सोसायटी के मेंटेनेंस अधिकारी ने बताया, “आग हमारे टावर-5, 1C में लगी। हमारे एक सहयोगी के फ्लैट में फ्रिज से शॉर्ट सर्किट हुआ था। उनकी पत्नी ने तुरंत इसे समझ कर लाइट और गैस बंद कर दी और बाहर निकल गईं। उस समय फ्लैट में उनकी पत्नी और बच्चा ही थे, दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मेंटेनेंस की फायर टीम मौके पर पहुंची और तुरंत फायर ब्रिगेड को खबर दी गई। स्थानीय विधायक के सहयोग से फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी जल्दी पहुंच गई।”फायर ब्रिगेड और हमारी मेंटेनेंस टीम के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है, एक बड़े हादसे से हम लोग बच गए। मौके पर पहुंचे आसनसोल फायर ब्रिगेड के ऑफिसर-इन-चार्ज ने बताया, “शुरुआती जांच में लग रहा है कि आग इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, या फिर गैस पर कुछ रखा था जो काफी देर तक जलता रहा और मटेरियल खत्म होने के बाद आग फैल गई। कारण जो भी हो, हमने बहुत तेजी से आकर आग पर काबू पा लिया।”
उन्होंने बताया कि आग बुझाने में कोई दिक्कत नहीं आई। “हमारी टीम ने पूरी बिल्डिंग की सघन जांच की है, कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा नहीं है, कोई जान की क्षति नहीं है, कोई हताहत नहीं है। आग पूरी तरह से हमारे कंट्रोल में है और बुझा दी गई है। मकान मालिक को भी दिखा दिया गया है और पुलिस-प्रशासन के सभी अधिकारी मौके पर आकर देख गए हैं।”
फायर अधिकारी ने बताया कि जिस घर में आग लगी उसके मालिक का नाम सचिन अम्बास्ता है। यह 2BHK फ्लैट था।
अधिकारी ने यह भी कहा कि फायर ब्रिगेड के पाइप में पानी का प्रेशर कम था, सोसायटी के अपने पाइप से ज्यादा काम करना पड़ा। आग लगने की घटना पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया, “एक फ्लैट में आग लगी थी। फ्रिज से किसी असावधानी के कारण आग लगी, फिर बड़ा हादसा होते-होते बचा। इस कॉम्प्लेक्स के सभी लोगों ने मुझे खबर भेजी थी, खबर मिलते ही मैंने तुरंत दमकल विभाग के साथ समन्वय किया और फायर ब्रिगेड को भेजने की व्यवस्था की। हमारे लड़के भी तुरंत पहुंच गए और इस कॉम्प्लेक्स के लोगों ने भी बहुत मेहनत की, जिससे एक बड़ी विपत्ति से बचा जा सका।”
विधायक ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए जो भी कदम उठाने होंगे, वे उठाए जाएंगे। “मैं दमकल और फायर ब्रिगेड से बात कर रहा हूं, देख रहा हूं कि क्या व्यवस्था की जा सकती है।”
उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को सुरक्षित जगह पर रखा गया है। “मैं परिवार के साथ हूं। उनके पति मुर्शिदाबाद में बैंक में नौकरी करते हैं, वे रास्ते में हैं, आ रहे हैं। मैंने उन्हें आश्वस्त किया है कि आप आराम से, सावधानी से आइए, हम सभी आपके परिवार के साथ हैं, चिंता की कोई बात नहीं है। भगवान का शुक्र है कि बड़ा हादसा टल गया, आसपास सब कुछ ठीक है।”














