कुल्टी में साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ा अभियान 6 हिरासत में
1 min read
कुल्टी :कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर हरिजन पाड़ा इलाके में कथित साइबर क्राइम के बड़े नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह से ही इलाके में पुलिस और साइबर क्राइम विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जोरदार तलाशी अभियान चल रहा है।
अभियान में RAF, कॉम्बैट फोर्स समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। जानकारी के मुताबिक, पुलिस की कई टीमों ने इलाके के कई घरों में तलाशी ली। यहां तक कि कुछ बंद घरों के ताले तोड़कर भी तलाशी चलाई गई।
अभियान के दौरान कई मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क समेत विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए । साथ ही, इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इलाके के कई घरों में CCTV कैमरे लगे हुए हैं। इसलिए पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस और साइबर क्राइम विभाग के अधिकारीयों ने जिस तरह पूरे इलाके में तलाशी ली उससे घटना की गंभीरता काफी लग रही है। हालांकि बरामद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों की जांच और पूछताछ के बाद ही कथित साइबर अपराध का नेटवर्क कितना फैला है और इसमें कितने लोग शामिल हैं, यह स्पष्ट होगा।
फिलहाल जांच जारी है। पुलिस की जांच की प्रगति के साथ इस मामले में और महत्वपूर्ण और चौंकाने वाली जानकारी सामने आ सकती है।














