*कनकधारा ने मनाया स्थापना दिवस, चार गौरवशाली वर्षों की यात्रा का उत्सव*
1 min read
आसनसोल :कनकधारा, साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की महिला शाखा, द्वारा रविवार को ओडिसी क्लब में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कनकधारा की चार गौरवशाली वर्षों की यात्रा का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत और राष्ट्रगान के साथ हुई। मुख्य अतिथि एवं एसबीएफसीआई के अध्यक्ष वी. के. ढल ने केक काटकर कनकधारा की चार वर्षों की सफल यात्रा की बधाई दी। उन्होंने सभी सदस्यों को आने वाले वर्षों में महिला उद्यमिता, सहयोग, नेटवर्किंग और सशक्तिकरण के क्षेत्र में और प्रभावी पहल करने के लिए उत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान कनकधारा की अध्यक्ष पूजा उपाध्याय ने अपने स्वागत संबोधन में महिला सशक्तिकरण और संस्था की भावी दिशा पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। संगठन सचिव सोनिया पचीसिया द्वारा संस्था की गतिविधियों और प्रमुख पहलों के बारे में संक्षेप में जानकारी दी गई। समारोह को और अधिक रोचक बनाने के लिए पूर्व अध्यक्ष अंजना कौर एवं संगठन सचिव मधु डुमरेवाल द्वारा सदस्यों के लिए विशेष ऑनलाइन क्विज और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को सरप्राइज गिफ्ट भी प्रदान किए गए।
कनकधारा की उपाध्यक्ष भावना पटेल ने कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मनोरंजन के साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ना, नए संबंध स्थापित करना और व्यावसायिक नेटवर्क को मजबूत करना बताया।
समारोह में सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से सफल और जीवंत बनाया। कनकधारा से जुड़ी सदस्यों ने बताया कि चार वर्षों की सफल यात्रा के साथ कनकधारा भविष्य में महिला उद्यमिता, सहयोग और सशक्तिकरण को और मजबूत करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।














