मानसून से पहले विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने आसनसोल के नालों-ड्रेनों का किया निरीक्षण, जलभराव रोकने के लिए सफाई अभियान तेज करने के दिए निर्देश
1 min read
आसनसोल :आगामी मानसून को देखते हुए आसनसोल उत्तर विधानसभा के भाजपा विधायक कृष्नेन्दु मुखर्जी ने शहर के विभिन्न नालों और ड्रेनों की जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेनरेले रोड स्थित पांच मुख पुल के पास के ड्रेन तथा एलआईसी मोड़ स्थित ए.जी. चर्च स्कूल के समीप जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि कई स्थानों पर ड्रेन में कचरा और गाद जमा होने के कारण जल निकासी बाधित हो रही है। उन्होंने बताया कि ए.जी. चर्च स्कूल के पास स्थित ड्रेन काफी हद तक जाम था, जिसके कारण हल्की बारिश होने पर भी गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। इससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कृष्नेन्दु मुखर्जी ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों और ड्रेनों की व्यापक सफाई कराई जाएगी। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बारिश के दौरान नालियों और ड्रेनों का गंदा पानी लोगों के घरों, दरवाजों और सड़कों पर जमा न हो तथा आम जनता को जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।
उन्होंने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द सफाई कार्य पूरा करने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का आग्रह किया, ताकि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए नियमित सफाई और रखरखाव की मांग की।












