सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन और आयुष्मान भारत योजना को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के आज के घोषणाओं को जमुड़िया के विधायक डॉक्टर बिजन मुखर्जी ने बताया ऐतिहासिक
1 min read
जमुड़िया :पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज स्वास्थ्य को लेकर पश्चिम बंगाल की जनता के लिए दो बहुत ही महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जुलाई महीने से ही आयुष्मान भारत परियोजना के तहत पश्चिम बंगाल को जोड़ लिया जाएगा। जून महीने से ही इसकी प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा एक और विषय जिसे लेकर आज मुख्यमंत्री ने बहुत बड़ी घोषणा की कि लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए वैक्सीन दिया जाएगा शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आगामी 30 तारीख से इस परियोजना की आधिकारिक रूप से बंगाल में शुरुआत हो जाएगी और आने वाले कुछ समय में बंगाल में लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए निशुल्क वैक्सीन दिया जाएगा। इसे लेकर हमने जमुड़िया के भाजपा विधायक और मशहूर गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर बिजन मुखर्जी से बात की तो उन्होंने सबसे पहले राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को धन्यवाद दिया और कहा कि एक गाइनेकोलॉजिस्ट होने के नाते वह जानते हैं कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह वैक्सीन कितनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं में सबसे ज्यादा सर्वाइकल कैंसर के मामले सामने आते हैं अगर वैक्सीन देकर लड़कियों और महिलाओं को इससे बचाया जा सकता है तो इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया जिन्होंने इस गंभीर विषय की तरफ ध्यान दिया। वही जब हमने उनसे पूछा कि यह कहा जा रहा है कि वैक्सीन सुरक्षित नहीं है और इसके कई साइड इफेक्ट है तो डॉक्टर मुखर्जी ने कहा कि यह बिल्कुल गलत है इस वैक्सीन का कोई साइड इफेक्ट नहीं है यह पूरी तरह से सुरक्षित है डॉक्टर मुखर्जी में दावा किया कि उन्होंने अपनी बेटी और अपनी पत्नी को भी यह वैक्सीन लगवाया है इसलिए वह सभी अभिभावकों से यह अनुरोध करते हैं कि वह बिना किसी डर या आशंका के अपनी बेटियों को यह वैक्सीन लगवाएं। वहीं उन्होंने विद्यालयों से भी अनुरोध किया कि वह वैक्सीन लगवाने वाली तारीख पर अपने स्कूल की छात्राओं को एक साथ वैक्सीन केंद्र ले जाने का इंतजाम करें ताकि कम समय में ज्यादा से ज्यादा लड़कियों का वैक्सीनेशन हो सके। वहीं आयुष्मान भारत परियोजना को लेकर उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक घोषणा है आयुष्मान भारत परियोजना का लाभ भारत के सभी राज्यों के लोगों को मिल रहा था एकमात्र पश्चिम बंगाल ही था जहां पर इस परियोजना का लाभ नहीं मिल रहा था लेकिन जुलाई महीने से वह कमी भी पूरी हो जाएगी इसके लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया ।वहीं जब उनसे पूछा गया कि आयुष्मान भारत परियोजना को लेकर भी कुछ भ्रांतियां फैलाई गई थी तो उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लेकर कोई भ्रांति नहीं है और इस परियोजना में पश्चिम बंगाल में रहने वाले सभी लोगों को फायदा मिलेगा उन्होंने कहा कि जो लोग खुद कुछ नहीं कर पाते और जब देखते हैं कि दूसरा कोई अच्छा काम कर रहा है तो वह इस बात से आशंकित हो जाते हैं कि कहीं लोगों का समर्थन दूसरे व्यक्ति के साथ ना चला जाए इसलिए वह अच्छे काम को रोकने के लिए लोगों के मन में इस तरह की भ्रांतियां फैलाते हैं ।डॉक्टर मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल की जनता और खासकर जमुड़िया की जनता से अनुरोध किया कि वह किसी भी तरह की भ्रांति का शिकार ना बने उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जो घोषणा की है उससे आने वाले समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बंगाल में एक नई सुबह का आगाज होने वाला है इसके लिए उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित मुख्यमंत्री शुभेंदू अधिकारी को धन्यवाद दिया














