बनपुर के ऐतिहासिक मैदान मंदिर में नई प्रबंधन समिति का गठन!
1 min read
बनपुर के ऐतिहासिक मैदान मंदिर में परंपरा के अनुसार एक बार फिर नई प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। हर दो साल में नियमों के तहत इस समिति का पुनर्गठन किया जाता है, और इसी क्रम में इस बार भी नव-निर्वाचित सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।
नई समिति में जहां अनुभवी सदस्य शामिल हैं, वहीं कई नए चेहरे भी जुड़े हैं। इससे मंदिर के संचालन और विकास कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके साथ ही समिति की ओर से एक अहम फैसला भी सामने आया है। 60 वर्ष की आयु तक कार्यरत रहने वाले सदस्यों को जल्द ही औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त किया जाएगा। हालांकि, उनके अनुभव और शारीरिक क्षमता को देखते हुए कुछ सदस्यों को अनुबंध के आधार पर दोबारा कार्य में रखा जा सकता है।
बताया गया है कि वर्ष 2002 में हुए समझौते के अनुसार, वर्तमान में कार्यरत सदस्य 60 वर्ष पूर्ण होने पर सेवानिवृत्ति लेंगे और उसी नियम के अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
नई समिति के गठन के बाद सदस्यों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंदिर के समग्र विकास, अनुशासन बनाए रखने और भविष्य की योजनाओं को लागू करने के उद्देश्य से यह पुनर्गठन किया गया है। आने वाले समय में मंदिर को और बड़े स्तर पर विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।














