नवरात्र पर शीतला माता मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, भजन संध्या में भावविभोर हुए श्रद्धालु
1 min read
:नवरात्र के पावन पर्व पर कुल्टी एल.सी. रोड स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में भव्य एवं भक्तिमय भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल की ख्यातिप्राप्त भजन मंडली ॐ शांति भजन जागरण ग्रुप, कुल्टी ने माँ भगवती के श्रीचरणों में सुरों की अनुपम प्रस्तुति अर्पित कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रसिद्ध भजन गायक रामराज कुशवाहा ने किया, जबकि सुप्रसिद्ध गायिका रानी राज ने माता रानी के एक से बढ़कर एक मनमोहक एवं भक्तिरस से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। “जय अम्बे गौरी” और “मेरी झोली भर दो माँ” जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर परिसर जयकारों, तालियों और माँ के उद्घोष से गूंजता रहा। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करते नजर आए।
इस पावन अवसर पर सम्मानित अतिथि के रूप में कुल्टी विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार के साथ क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी एवं कुल्टी मदद फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर चौबे, समाजसेवी मनमोहन राय सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने माँ शीतला के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा आयोजकों के इस सराहनीय प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर आयोजक समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कुल्टी सिमलग्राम, एलएसी मोड़, पुतलिया दंगल, झनकपुरा एवं लोको लाइन सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, युवक-युवतियां और श्रद्धालु उपस्थित हुए। सभी ने श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन के साथ भजन संध्या का आनंद लिया और नवरात्र की इस आध्यात्मिक संध्या को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्था में राजेन्द्र राम, महाबीर रविदास सहित माँ शीतला मंदिर समिति के समर्पित कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रही। उनके अथक प्रयास और सहयोग से यह भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नवरात्र के इस पावन अवसर पर आयोजित भजन संध्या ने जहाँ श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की, वहीं समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता का प्रेरणादायक संदेश भी दिया।














