जिला परिषद में पेश किया गया बजट पानी की आपूर्ति पर विशेष जोर
1 min read
:आज आसनसोल के सर्किट हाउस में जिला परिषद का बजट पेश किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद के सभापति विश्वनाथ बाउरी, उप-सभापति विष्णुदेव नोनिया, मेंटर वी. शिवदासन दासू सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। यहाँ आगामी वर्ष के लिए बजट पेश किया गया।
इस विषय पर विश्वनाथ बाउरी ने बताया कि पिछले बार 165 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था, इस बार 179 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में पानी और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पथश्री परियोजना के तहत सड़कों का निर्माण लगभग सभी जगहों पर किया जा चुका है, लेकिन जल आपूर्ति की व्यवस्था अभी भी सभी जगहों पर नहीं हो पाई है।
उन्होंने बताया कि काला झरिया पाइपलाइन की मरम्मत हो गई है और उम्मीद है कि इससे जल संकट में काफी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि चूंकि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के लिए निर्धारित धनराशि रोक रही है, इसलिए जल और सड़क जैसी परियोजनाओं को पूरा करने में परेशानी हो रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रयास किया जा रहा है कि सभी काम पूरे किए जा सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला परिषद की ओर से सोलर लाइट पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि बिजली की बचत की जा सके। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले उन क्षेत्रों में जहां भूजल स्तर ऊंचा है, वहां ट्यूबवेल या हैंड पंप लगाया जा रहा है, लेकिन रानीगंज, जामुरिया, बाराबनी आदि क्षेत्रों में जहां भूजल स्तर उतना ऊंचा नहीं है, वहां पाइपलाइन के माध्यम से जल आपूर्ति करने का प्रयास किया जा रहा है।












