बार्नपुर के श्याम बांध इलाके में मामूली विवाद से भड़की हिंसा, क्लब और घर पर हमला, बच्चा घायल!
1 min read
आसनसोल : आज दोपहर एक मामूली विवाद के चलते बार्नपुर के श्याम बांध इलाके में भारी हिंसा फैल गई। आरोप है कि कुछ लोग लाठी, फावड़ा और कुदाल लेकर एक स्थानीय क्लब पर हमला करते हैं। क्लब के पास स्थित एक घर को भी निशाना बनाया गया और वहां रहने वाले लोगों के साथ मारपीट की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दोपहर एक महिला अपने बच्चे को लेकर टोटो से जा रही थीं। इसी दौरान टोटो से छींटे पड़ने पर एक व्यक्ति के ऊपर पानी गिर जाता है, जिससे टोटो चालक के साथ उसकी कहासुनी हो जाती है। आरोप है कि इसके बाद टोटो में सवार महिला पर हमला किया जाता है, जिसमें उसका बच्चा घायल हो जाता है।

इसके बाद आरोप है कि उस महिला के परिचित करीब 100 से 150 लोग मौके पर पहुंचते हैं और इलाके में स्थित एक क्लब तथा क्लब के पास बने घर पर हमला कर देते हैं। हमले के दौरान घर के लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।












