कनकधारा द्वारा महिलाओं के लिए संपत्ति अधिकारों पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन
1 min readआसनसोल : महिलाओं को उनके संपत्ति संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करने एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कनकधारा (एसबीएफसीआई महिला विंग) द्वारा रविवार को”Know Your Property Rights” विषय पर एक ज्ञानवर्धक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज की।
मुख्य वक्ता एडवोकेट प्रियोजित ने महिलाओं के संपत्ति अधिकार, उत्तराधिकार कानून, ट्रांसफर प्रक्रिया एवं कानूनी सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर सरल व प्रभावी जानकारी प्रदान की। वहीं एचडीएफसी बैंक की ब्रांच मैनेजर श्रीमती मिली भट्टाचार्य ने संपत्ति निवेश से जुड़े बैंकिंग विकल्पों एवं वित्तीय पहलुओं पर उपयोगी सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कनकधारा अध्यक्ष श्रीमती पूजा उपाध्याय एवं सचिव श्रीमती सोनिया पचिसिया ने की। दोनों ने इस जागरूकता पहल को महिलाओं के लिए सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम बताया और उपस्थित अतिथियों व सदस्यों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर कनकधारा के मेंटर व एसबीएफसीआई के एग्जीक्यूटिव सदस्य श्री जगदीश बागड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे और विषय की प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में आसनसोल मारवाड़ी महिला समिति, बर्नपुर युवा मंच चेतना शाखा, गुजराती समाज सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाएं, गणमान्य अतिथि एवं कनकधारा की सदस्यों के परिवारजनों ने भी सहभागिता की।
इस सफल आयोजन में एग्जीक्यूटिव सदस्य भावना पटेल, नवनीता बनर्जी, मोहर, मधु डुमरेवाल सहित अन्य सक्रिय सदस्यों का विशेष योगदान रहा। सभी प्रतिभागियों ने इस संगोष्ठी को अत्यंत लाभकारी बताया।












