सायनी घोष की गिरफ्तारी पर आसनसोल में टीएमसी ने जताया विरोध
1 min readतृणमूल युवा कांग्रेस कि प्रदेश अध्यक्ष सायनी घोष को त्रिपुरा में पुलिस ने गिरफ्तार कर उनपर हत्या का आरोप लगाया है । इतना ही नहीं अगरतला की जिस महिला थाने में उनको हिरासत में रखा गया था वहां रविवार शाम को अचानक हमला किया गया जिसके बाद उनको उस थाने से किसी प्रकार से अन्य सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया । इसके खिलाफ आसनसोल में टीएमसी समर्थक सड़क पर उतर आए । शिल्पांचल की कद्दावर टीएमसी नेत्री बबिता दास के नेतृत्व में जीटी रोड के किनारे स्थित टीएमसी पार्टी कार्यालय से एक विरोध रैली निकाली गई जो कि हटन रोड बस स्टैंड तक गई । इस मौके पर बबिता दास ने कहा कि जिस तरह से त्रिपुरा में टीएमसी पर हमले किए जा रहे हैं इससे साफ जाहिर होता है कि वहां लोकतंत्र नहीं है । साथ ही उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में टीएमसी के बढ़ते कद को देखकर भाजपा दहशत में है । यही वजह है कि वह टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मुसलसल हमले कर रही है । बबिता दास ने कहा कि सोमवार को टीएमसी महासचिव अभिषेक बैनर्जी त्रिपुरा जाएंगे और सायनी घोष के साथ हुए अन्याय का विरोध जताएंगे । वहीं टीएमसी नेता शाहिद परवेज़ की अगुवाई में भी आसनसोल के राहा लेन मोड़ इलाके मे स्थित बस स्टैंड के पास विक्षोभ दिखाया गया । शाहिद परवेज़ ने भी त्रिपुरा सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कहा कि इस तरह से टीएमसी को रोकना असंभव है । त्रिपुरा की जनता ने मन बना लिया है कि वह अब और इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेंगे ।
















