आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी कामयाबी झारखंड से संचालित गांजा सप्लाई नेटवर्क का किया भंडाफोड़
1 min read
आसनसोल :आसनसोल दुर्गापुर पुलिस ने झारखंड से संचालित गांजा सप्लाई के नेटवर्क का खुलासा किया है। बंगाल में सत्ता परिवर्तन होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा पुलिस प्रशासन को बार-बार यह हिदायत दी गई थी कि वह राज्य में कानून का राज कायम करने के लिए पुलिस को दी गई शक्तियों का प्रयोग करें और एक भी अपराधी कानून के चंगुल से छूटना नहीं चाहिए मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद पूरे राज्य के साथ-साथ आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट भी सक्रिय हो चुकी है और इसका नतीजा भी हम पिछले कुछ समय से देख रहे हैं जहां इस क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से नशीले पदार्थ, हथियार बरामद किए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है। झारखंड से संचालित होने वाले गांजा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ भी इसी कड़ी में एक सशक्त पहल मानी जा रही है। पुलिस के मुताबिक उन्होंने झारखंड के जामताड़ा जिले के नला पुलिस स्टेशन इलाके के रहने वाले कालीपद भंडारी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ के बाद 122 किलो गांजा जब्त किया। इतना ही नहीं इस नेटवर्क के साथ संलिप्त अन्य मामलों में भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 230 किलो गांजा बरामद किया गया है। आसनसोल क्योंकि सीमावर्ती क्षेत्र है ऐसे में अपराधियों के लिए दूसरे राज्यों में खासकर झारखंड में कोई अपराध करके यहां चले आना या यहां अपराध करके झारखंड चले जाना बहुत आसान रहता है। वहीं नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए भी अपराधी इस सीमावर्ती क्षेत्र का इस्तेमाल करते हैं लेकिन आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की यह कामयाबी निश्चित रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी गिरोह के सफाए की तरफ उठाया गया एक बड़ा कदम माना जा सकता है














