कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार की डीआरएम से सौहार्दपूर्ण भेंट, रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सौंपा मांग पत्र
1 min read
: आसनसोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने आसनसोल रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुधीर कुमार शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल समस्याओं एवं यात्री सुविधाओं को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। यह बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और सकारात्मक चर्चा की गई।
विधायक डॉ. पोद्दार ने अमृत भारत स्टेशन सीतारामपुर, कुल्टी एवं बराकर रेलवे स्टेशनों के समग्र विकास पर जोर देते हुए सीतारामपुर जंक्शन पर मिथिला एक्सप्रेस (डाउन) एवं काठगोदाम एक्सप्रेस (अप) के ठहराव, रात 11 बजे चलने वाली आसनसोल–धनबाद रात्रिकालीन मेमू ट्रेन की पुनर्बहाली, बक्सर–टाटा दानापुर एक्सप्रेस (अप-डाउन) में स्टॉपेज की मांग रखी।
उन्होंने पवित्र अयोध्या नगरी, प्रभु श्रीराम की नगरी से क्षेत्र को जोड़ने के उद्देश्य से जम्मू तवी–कोलकाता एक्सप्रेस के सीतारामपुर अमृत भारत स्टेशन पर अप-डाउन स्टॉपेज की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही कुल्टी स्टेशन के उत्तरी हिस्से में सड़क निर्माण, बराकर स्टेशन पर दिव्यांगजनों, महिला यात्रियों के लिए सेड,बोगी डिस्प्ले बोर्ड के लिए सुविधाओं का विस्तार, तीनों स्टेशनों पर ग्रीष्मकाल को देखते हुए वॉटर कूलर लगाने तथा सीतारामपुर स्टेशन के आरक्षण काउंटर का समय सुबह 8 बजे से बढ़ाने की मांग रखी गई।
इसके अतिरिक्त सीतारामपुर अमृत भारत स्टेशन के इंदिरा चौक( सुभाष पाड़ा ) से ओल्ड सेंटर केबिन ब्रिज तक मार्ग निर्माण का आवेदन भी विधायक द्वारा प्रस्तुत किया गया।
डीआरएम सुधीर कुमार शर्मा ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। उनके व्यवहारिक, जनहितैषी दृष्टिकोण ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का मन मोह लिया। यह बैठक रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कुशल मार्गदर्शन तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासपरक सोच के अनुरूप मानी जा रही है। बैठक में वरिष्ठ रेल अधिकारी—सीनियर डीसीएम, सीनियर कोऑर्डिनेशन आसनसोल रेल मंडल, सहित विधायक के सहयोगी, कुल्टी मंडल उपाध्यक्ष सह आसनसोल संगठन जिला भाजपा के को- मीडिया प्रभारी टिंकू वर्मा, काजल दास, कवि सिंह एवं राकेश लाल उपस्थित थे। जिला भाजपा को- मीडिया प्रभारी टिंकू वर्मा ने इस पहल को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि विकसित भारत में रेलवे का महत्वपूर्ण योगदान है और आज कुल्टी के विधायक डॉ अजय कुमार पोद्दार ने आम यात्रियों को प्रत्यक्ष कार्य किया हैँ, जिसका लाभ कुल्टी की जनता को मिलेगा।












