नगर निगम चुनाव के बाद अब नज़र आसनसोल लोकसभा उपचुनाव पर:
1 min read
आसनसोल नगर निगम में टीएमसी के नेतृत्व में नए बोर्ड का गठन हो गया। जैसा कि हम सब जानते हैं कि आसनसोल नगर निगम चुनाव में टीएमसी को भारी बहुमत हासिल हुई थी। 106 में से 91 सीटों पर टीएमसी को जीत मिली थी। इसके उपरांत एक अप्रत्याशित फैसले में विधान उपाध्याय को मेयर बनाया गया। हालाकि विधान उपाध्याय की राजनीतिक साख को लेकर किसी के मन में कोई सवाल नहीं है लेकिन इसे अप्रत्याशित इस लिए कहा जा रहा है क्योंकि चुनाव से पहले या नतीजे आने के बाद भी विधान उपाध्याय के नाम पर कहीं चर्चा नहीं थी। वहीं चैयरमैन का पद एक बार फिर से अमरनाथ चैटर्जी को मिला। 25 फ़रवरी को रवीन्द्र भवन में सभी पार्षदों और मेयर तथा चैयरमैन को शपथ दिलाई गई। अब जबकि निगम चुनाव संपन्न हुए ऐसे में अब सबकी नजर आसनसोल कि लोकसभा सीट के उपचुनाव पर है। 25 तारीख को जब शपथ ग्रहण समारोह हो रहा था तब रवीन्द्र भवन में आसनसोल के पूर्व सांसद और टीएमसी नेता बाबुल सुप्रियो भी मौजूद थे। कार्यक्रम में जब बाबुल सुप्रियो भाषण देने आए तो टीएमसी समर्थकों द्वारा तालियां नहीं बजी। बाबुल सुप्रियो को उनसे अनुरोध करना पड़ा। इसके बाद बाबुल ने जब अपनी बात रखी तो उन्होंने ममता बनर्जी अभिषेक बैनर्जी को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्हीकी हौसला अफजाई के कारण वह अभी भी राजनीति में हैं वरना वह राजनीति से रिटायर्ड हर्ट हो चुके थे। यहां बाबुल ने जो कहा उसमें रिटायर्ड से भी ज्यादा महत्वपूर्ण शब्द हर्ट था। उनको राजनीति की पहली इनिंग्स में किस बात से या किस से चोट लगी यह जानना दिलचस्प रहेगा। दूसरी तरफ आने वाले लोकसभा उप चुनाव में टीएमसी से कौन चुनाव लड़ेगा यह भी एक दिलचस्प मुद्दा है। बाबुल सुप्रियो ने अपने भाषण में शिल्पांचल टीएमसी के नेताओ और कर्मियों को पार्टी में उनको स्वीकार करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि भले उन्होंने राजनीति में रंग बदला हो लेकिन अब भी उनके दिल में आसनसोल के लिए एक खास जगह है












