निगम इलाके में पार्किंग को लेकर डेप्युटी मेयर वसीम उल हक़ ने कुछ महत्वपूर्ण बातों पर डाली रौशनी:
1 min read
आसनसोल :आसनसोल नगर निगम के डेप्युटी मेयर तथा निगम इलाके में पार्किंग के प्रभारी वसीम उल हक़ ने निगम इलाके में पार्किंग को लेकर कुछ बेहद जरूरी बातें बताई। उन्होंने बताया कि इससे पहले के बोर्ड में पार्किंग को लेकर काफी बकाया था। जिनको पार्किंग दिया गया था उन्होंने पार्किंग के लिए निगम को दी जाने वाली राशि का भुगतान नहीं किया था। इस बोर्ड में एकबार फिर से टेंडर हुआ लेकिन किसी ने टेंडर की प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया। जब उनको पार्किंग का प्रभार मिला तो उन्होंने एक नियम बनाया कि जिनको भी टेंडर मिलेगा उनको 6 महीने की राशि निगम में एडवांस जमा करना होगा और 5 महीने बीत जाने के बाद निगम की तरफ से अगले 5 महीने की राशि जमा करने का फिर से नोटिस दिया जाएगा। अगर कोई ऐसा नहीं करता तो 6 महीने के बाद उसका टेंडर रद्द कर दिया जाएगा और नया टेंडर जारी होगा । उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण नया टेंडर जारी नही किया जा सका था अब फिर से प्रक्रिया शुरू की गई है और बहुत जल्द पार्किंग के लिए नया टेंडर जारी किया जाएगा। डेप्युटी मेयर ने बताया कि ऐसा भी देखा जा रहा था कि कुछ लोग टेंडर की प्रक्रिया में शामिल होकर सबसे ज्यादा रेट बता रहे हैं लेकिन समय पर पैसा जमा नहीं कर रहे । ऐसे लोगों से निपटने के लिए आने वाले समय में पार्किंग के टेंडर के लिए अर्नेस्ट मनी को बढ़ाया गया है ताकि साजिश के तहत कोई टेंडर की प्रक्रिया को कोई नुकसान न पंहुचा सके। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रमोद कुमार गुप्ता को इस बोर्ड से पहले के बोर्ड में बेहद कम कीमत पर पार्किंग दिया गया था लेकिन उनको विकास कार्य करने के कुछ शर्त दिए गए थे लेकिन पता चला है कि उन्होंने उन शर्तों के मुताबिक विकास कार्य नही किए है। हालाकि उन्होंने 2025 तक पैसा जमा कर दिया है। इस मामले को निगम के कमिश्नर के पास भेजा गया है और वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में कुल 32 पार्किंग हैं। इनमे से लच्छीपुर के पास दो पार्किंग अवैध हैं उन लोगों द्वारा दावा किया जा रहा है कि वह जमीन उनकी व्यक्तिगत जमीन है। वह इसके समर्थन में हाई कोर्ट का आदेश दिखा रहे हैं लेकिन निगम के लीगल सेल का कहना है कि हाई कोर्ट ने आदेश दिया है कि उनको पार्किंग चलाने के लिए निगम की अनुमति लेनी होगी जो उन्होंने नही ली है। उन्होंने बताया कि इससे पहले निगम द्वारा अवैध पार्किंग को तोड़ा गया था अब फैसला लिया गया है कि उसे घेर दिया जाएगा और सिर्फ आसनसोल नगर निगम का ही पार्किंग चलेगा।












